Home उत्तराखंड राजभवन परिसर में अनावरण हुई 10 फीट ऊंची भगीरथ प्रतिमा, बना आस्था...

राजभवन परिसर में अनावरण हुई 10 फीट ऊंची भगीरथ प्रतिमा, बना आस्था और प्रेरणा का केंद्र

0

देहरादून, 22 सितम्बर। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजभवन परिसर में निर्मित ‘भगीरथ उद्यान’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने महान राजा भगीरथ की 10 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया, जो 8 फीट ऊंचे ग्रेनाइट चबूतरे पर स्थापित की गई है।

प्रतिमा का निर्माण हरिद्वार के प्रसिद्ध कलाकार शिवम चौरसिया ने फाइबर और रेजिन से किया है। उद्यान में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर इसे हरियाली और आध्यात्मिकता से परिपूर्ण बनाया गया है।

राज्यपाल ने बताया कि यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि एक जीवंत प्रेरणा-स्तंभ है। उन्होंने कहा कि जब ध्येय लोककल्याण हो, तो देवत्व और प्रकृति दोनों मार्ग प्रशस्त करते हैं। राज्यपाल ने उद्यान को साकार करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना भी की।

मुख्यमंत्री शपुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह प्रतिमा राजभवन आने वाले प्रत्येक नागरिक और अतिथियों को कर्तव्यनिष्ठा, लोककल्याण और भारतीय संस्कृति का संदेश देती रहेगी। उन्होंने इसे ‘भगीरथ प्रयत्न’ की भावना को सजीव करने वाला बताया।

प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना

कार्यक्रम से पूर्व राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राजभवन स्थित राजप्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रमन, विधि परामर्शी कौशल कुमार किशोर, अपर सचिव रीना जोशी, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या, उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र शास्त्र आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!