Home उत्तराखंड नैनीताल में राशन दुकानों पर सख्ती, औचक निरीक्षण में खामियों पर नोटिस

नैनीताल में राशन दुकानों पर सख्ती, औचक निरीक्षण में खामियों पर नोटिस

0

नैनीताल। जिले में गरीबों तक सही समय पर और गुणवत्तापूर्ण राशन पहुंचे….इसे सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को पूरे जिले में सस्ते गल्ले की दुकानों और खाद्यान्न गोदामों का औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे के निर्देश पर यह अभियान जिले के सभी आठों विकास खंडों में एक साथ संचालित किया गया। गठित टीमों ने क्षेत्र प्रमुख, ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारियों के साथ मिलकर दुकानों और गोदामों की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान खाद्यान्न की गुणवत्ता, स्टॉक रजिस्टर, वितरण प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और लाभार्थियों को समय पर राशन मिलने की स्थिति को गंभीरता से परखा गया। साथ ही दुकानों पर रेट लिस्ट और शिकायत पुस्तिका का अनिवार्य प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सीडीओ ने साफ कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र लोगों को समय पर राशन देना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अभियान के दौरान जहां-जहां कमियां पाई गईं…वहां संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में गड़बड़ी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!