Home उत्तराखंड हल्द्वानी में युवती की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों का प्रदर्शन, कंपनी...

हल्द्वानी में युवती की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों का प्रदर्शन, कंपनी पर गंभीर आरोप

0

हल्द्वानी: हल्द्वानी के लालकुआं क्षेत्र स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा करते हुए कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि कंपनी में कर्मचारियों के साथ पहले भी उत्पीड़न की घटनाएं सामने आती रही हैं और समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण युवती की जान चली गई। परिजनों ने यह भी कहा कि कंपनी प्रबंधन घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज दिखाने से बच रहा है।

इस बीच युवती का मौत से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह ड्यूटी खत्म होने के बाद कंपनी गेट से बाहर निकलती दिखाई दे रही है। वीडियो में युवती कुछ दूरी चलने के बाद अचानक जमीन पर गिर जाती है, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है। साथी कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन द्वारा उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों ने शव को कंपनी गेट पर रखकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी, जिसके बाद प्रशासन और कंपनी प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

काफी देर चली वार्ता और जिला प्रशासन की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। समझौते के तहत पीड़ित परिवार को 6 लाख रुपये का मुआवजा देने, मृतका के भाई और बहन को नौकरी देने तथा फंड से जुड़े दस्तावेज जल्द पूरे कराने में सहयोग देने पर सहमति बनी।

सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि कंपनी प्रबंधन और मृतका के परिजनों के बीच समझौता हो गया है। युवती की मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!