Home उत्तराखंड विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में सभी का सहयोग जरूरी:...

विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में सभी का सहयोग जरूरी: मुख्यमंत्री धामी

0

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रगति पोर्टल के माध्यम से राज्य की 6940 करोड़ रुपये लागत की 12 प्रमुख विकास एवं अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें 15 अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में सभी विभागों और अधिकारियों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। उन्होंने परियोजनाओं की नियमित निगरानी के लिए मुख्यमंत्री स्तर पर मासिक तथा मुख्य सचिव स्तर पर प्रत्येक 10 दिन में समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परियोजनाओं में विलंब होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भूमि हस्तांतरण, वन एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियों, भूमि अधिग्रहण, क्षतिपूर्ति भुगतान तथा अन्य प्रशासनिक कारणों से लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना है। उन्होंने संबंधित विभागों और जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों की व्यक्तिगत निगरानी कर उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा बैठक में रामनगर आईएसबीटी, रानीखेत बस टर्मिनल, ताड़ीखेत डिपो एवं कार्यशाला, बनबसा और रुद्रप्रयाग विद्युत उपकेंद्र परियोजनाएं, चारधाम सड़क परियोजनाएं, अस्कोट-लिपुलेख मार्ग, माणा पास सड़क परियोजना तथा हरिद्वार और काशीपुर क्षेत्र की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा, सीमांत क्षेत्रों की सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं, विद्युत अवसंरचना और परिवहन सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं राज्य के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव बृजेश कुमार संत, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, अपर सचिव डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, बंशीधर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा वर्चुअल माध्यम से जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!