देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी संस्थानों और प्रमुख धार्मिक स्थलों को मिले धमकी भरे ईमेल के बाद राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश की शांति और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
हाल के दिनों में कई सरकारी कार्यालयों, नगर निकायों और धार्मिक स्थलों को संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुए थे। इनमें हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ और बदरीनाथ जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों का जिक्र होने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा के चलते राज्य में लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार प्रदेश में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सरकार ने साफ किया है कि उत्तराखंड की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।










