Home उत्तराखंड अल्मोड़ा : श्रावणी मेले का शुभारंभ: जागेश्वर धाम में गूंजे हर-हर महादेव...

अल्मोड़ा : श्रावणी मेले का शुभारंभ: जागेश्वर धाम में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

0

मुख्यमंत्री धामी ने की पूजा-अर्चना, हरेला पर किया पौधरोपण; बोले—147 करोड़ की मास्टर प्लान परियोजना से बदलेगी जागेश्वर धाम की तस्वीर

अल्मोड़ा, 16 जुलाई। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में गुरुवार को श्रावणी मेले का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया। मुख्यमंत्री ने भगवान जागेश्वर के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की तथा हरेला पर्व पर प्रदेशवासियों और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि हरेला केवल पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और मानव के अटूट संबंध का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 147 करोड़ रुपये की लागत से जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत धाम का सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जागेश्वर धाम आगमन के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिछले दो महीनों में चार लाख से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंच चुके हैं, जिससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन को नई गति मिली है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर आर.एस. सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!