Home अपराध रायपुर क्षेत्र में हुई लूट की घटना का दून पुलिस ने किया...

रायपुर क्षेत्र में हुई लूट की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

0

अभियुक्तों के कब्जे से घटना में लूटी गई शत-प्रतिशत सम्पत्ति को किया बरामद

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में नगर निगम कर्मचारी बनकर एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी संपत्ति भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को गढ़वाली कॉलोनी, रायपुर निवासी गीता काला ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई कि दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच उनकी मां भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर जबरन घर में घुस गए। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की और उनके सोने के कुंडल, अंगूठी, तीन हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और लगातार तलाश की गई।

पुलिस ने 20 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर सीक्यूआई जंगल, रायपुर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर सिंह रावत, निवासी अपर गढ़वाली कॉलोनी, रायपुर और अंकित गुप्ता, निवासी आदर्श कॉलोनी, रायपुर के रूप में हुई है। उनके कब्जे से लूटे गए सोने के कुंडल, अंगूठी, तीन हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्लंबर का काम करते हैं और नशे के आदी हैं। मुख्य आरोपी सागर सिंह पीड़िता के मोहल्ले में ही रहता था और उसे पता था कि बुजुर्ग महिला अक्सर घर में अकेली रहती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथी के साथ लूट की योजना बनाई। दोनों ने नगर निगम कर्मचारी बनकर सफाई व्यवस्था की जांच का बहाना बनाया, घर में प्रवेश किया और महिला को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी लूट का सामान बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!