Home उत्तराखंड कांवड़ मेले पर सख्त सरकार! CM धामी बोले—बिना पंजीकरण दुकान नहीं, मिलावट...

कांवड़ मेले पर सख्त सरकार! CM धामी बोले—बिना पंजीकरण दुकान नहीं, मिलावट पर होगी कड़ी कार्रवाई

0

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत 235 करोड़ रुपये की चार विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। कांवड़ मेले को लेकर पंजीकरण, स्वच्छता और मिलावट पर सख्त निर्देश भी दिए।

हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत 235 करोड़ रुपये की चार विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। कांवड़ मेले को लेकर पंजीकरण, स्वच्छता और मिलावट पर सख्त निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अलकनंदा होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 235 करोड़ रुपये की लागत वाली चार प्रमुख परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी महाकुंभ-2027 और हर साल आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं व कांवड़ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम शुरू किया गया है।

235 करोड़ की इन परियोजनाओं का हुआ शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने जिन परियोजनाओं का शुभारंभ किया, उनमें शामिल हैं—
43.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन।
66.76 करोड़ रुपये की लागत से हरकी पैड़ी और सुभाष घाट के पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास।
66.34 करोड़ रुपये की लागत से हरकी पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास।
58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ेंगी और स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

कांवड़ मेले को लेकर सरकार सख्त

मुख्यमंत्री धामी ने कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिवभक्तों के स्वागत और उनकी सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ मेले में दुकान लगाने के लिए पंजीकरण और वैध प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार की गंदगी, खाद्य पदार्थों में मिलावट या संदिग्ध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नाम बदलकर दुकान चलाने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों में भी सरकार सख्ती से कार्रवाई करेगी।

श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने की अपील

मुख्यमंत्री ने धर्मनगरी के नागरिकों, साधु-संतों और सभी संबंधित पक्षों से शिवभक्तों का स्वागत करने का आह्वान किया। साथ ही कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।

अन्य धार्मिक परियोजनाओं पर भी तेजी से काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पुनर्जागरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अलावा केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और विवेकानंद कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना भी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!