क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में होगा आयोजन, कई प्रतिष्ठित कंपनियां लेंगी साक्षात्कार
देहरादून, 05 अगस्त 2026। जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून की ओर से आगामी 11 अगस्त 2026 को प्रातः 9:30 बजे कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां कुल 559 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से करेंगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों का पंजीकरण 4 अगस्त 2026 से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में शुरू हो चुका है। इच्छुक उम्मीदवार किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण के दौरान अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, मूल शैक्षिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो तथा वैध पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) साथ लाना अनिवार्य होगा।
रोजगार मेले में सीएएमपी-108, एनआईटीटी लिमिटेड, परिश्रम रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड, डिक्सॉन, एक्सिस बैंक, आईजोन, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, बारबेक्यू नेशन, आईपीसीए, मोचिको और टीआई मेडिकोज सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। इन कंपनियों द्वारा विभिन्न श्रेणियों के 559 रिक्त पदों पर साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती की जाएगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में भाग लेने वाली कंपनियों तथा उपलब्ध रिक्तियों की संख्या परिस्थितियों के अनुसार घट या बढ़ सकती है। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक शिक्षित एवं रोजगार के इच्छुक युवाओं से समय रहते पंजीकरण कर रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की।












