Home उत्तराखंड अल्मोड़ा में घर में घुसा गुलदार, 88 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर किया...

अल्मोड़ा में घर में घुसा गुलदार, 88 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर किया हमला

0

अल्मोड़ा। स्याल्दे क्षेत्र के फूलाई गांव में देर रात एक तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और सो रही 88 वर्षीय परुली देवी पर हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर और हाथों पर चोटें आई हैं। घटना के बाद गांव के लोगों में डर का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक परुली देवी रात करीब तीन बजे अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान तेंदुआ कमरे में पहुंच गया और उन पर झपट पड़ा। महिला के शोर मचाने पर उनकी बहू की नींद खुली। कमरे में तेंदुए को देखकर वह घबरा गई और आसपास के लोगों को जानकारी दी।

शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद तेंदुए को वहां से भगाया। इसके बाद घायल महिला को भिकियासैंण अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज और जांच के लिए रामनगर रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने प्रभावित इलाके में गश्त शुरू कर दी है। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जौरासी रेंज के रेंजर आशुतोष जोशी ने बताया कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है और जल्द ही तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।

ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए की गतिविधियों पर रोक लगाने और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की सक्रियता बढ़ने से लोगों में लगातार चिंता बनी हुई है।

इससे पहले बाड़ेछीना क्षेत्र के छानी गांव में भी गुलदार ने एक ग्रामीण पर हमला किया था। हमले में दीवान सिंह के हाथ और पीठ पर चोटें आई थीं। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया था।

उस घटना के बाद भी ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने और क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की थी। लगातार हो रही वन्यजीवों की घटनाओं के कारण ग्रामीणों ने जंगल से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!