ऋषिकेश, 1 सितंबर 2026। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन उपलक्ष्य में नव मधुबन आश्रम द्वारा ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश मुनि की रेती-ढालवाला मधुबन कृष्णोत्सव मैराथन’ का भव्य आयोजन किया गया। मैराथन में बालक एवं बालिका वर्ग के लगभग 450 बच्चों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ प्रतिभाग किया। मैराथन के माध्यम से बच्चों ने स्वच्छ गंगा एवं स्वच्छ ऋषिकेश का संदेश दिया।
मैराथन का शुभारंभ नगर निगम ऋषिकेश के महापौर श्री शम्भू पासवान जी, मुनि की रेती-ढालवाला नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण जी, समाजसेवी श्री कमल सिंह राणा जी, नव मधुबन आश्रम के महासचिव श्री राजीव कालरा जी, समाजसेवी श्री ज्योति शर्मा जी, श्री अशोक नेगी जी एवं ‘ब्लू राइडर साइकिल संगठन’ के सदस्यों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
मैराथन नव मधुबन आश्रम से प्रारंभ होकर देहरादून तिराहा, नटराज चौक, आईएसबीटी एवं 14 बीघा पुल से होते हुए पुनः नव मधुबन आश्रम परिसर में संपन्न हुई। मैराथन के दौरान प्रतिभागी बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने खेल भावना के साथ दौड़ में हिस्सा लेते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर नव मधुबन आश्रम के अध्यक्ष श्री परमानंद दास जी महाराज ने सभी प्रतिभागी बच्चों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया तथा उन्हें श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की।
महापौर श्री शम्भू पासवान जी ने कहा कि “श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नव मधुबन आश्रम द्वारा आयोजित ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश’ मैराथन में लगभग 450 बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी अत्यंत सराहनीय है। यह आयोजन केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं के माध्यम से समाज को स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने का प्रभावी प्रयास है।
श्री कृष्ण का जीवन हमें कर्म, अनुशासन और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों से हमारी युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ने के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक होती है।
गंगा हमारी आस्था और पहचान का प्रतीक है। इसे स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मैं नव मधुबन आश्रम द्वारा आयोजित इस सार्थक पहल के लिए समस्त आयोजकों को बधाई देता हूं तथा मैराथन में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”
मैराथन के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में शीर्ष पांच स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी 3 सितंबर को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹5,100, द्वितीय स्थान को ₹3,100, तृतीय स्थान को ₹2,100 तथा चतुर्थ एवं पंचम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ₹1,100-₹1,100 की नकद धनराशि प्रदान की जाएगी।
जन्मोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 2 सितंबर को पेंटिंग, क्विज एवं श्लोक पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 3 सितंबर को ग्रुप डांस, ग्रुप सिंगिंग एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं के साथ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का मुख्य महापर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा, जबकि 5 सितंबर को पावन नंदोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।












