Home उत्तराखंड उत्तराखंड में 101 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ, 14 अक्टूबर तक...

उत्तराखंड में 101 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ, 14 अक्टूबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

0

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में समूह-‘ग’ के 101 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है। आयोग की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 81/उ0अ0से0च0आ0/2026 के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 14 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर 17 से 19 अक्टूबर 2026 तक दिया जाएगा। आयोग ने लिखित प्रतियोगी परीक्षा की प्रस्तावित तिथि 20 दिसंबर 2026 निर्धारित की है।

इन पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक और आशुलिपिक ग्रेड-2/स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 समेत विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। विभागवार पदों का विवरण इस प्रकार है—

  • वैयक्तिक सहायक, वाणिज्य कर अधिकरण — 2 पद
  • वैयक्तिक सहायक, औद्योगिक न्यायाधिकरण एवं श्रम न्यायालय, हल्द्वानी — 1 पद
  • वैयक्तिक सहायक, उत्तराखंड वन विकास निगम — 10 पद
  • वैयक्तिक सहायक, उत्तराखंड न्यायिक एवं विधिक अकादमी, भवाली — 2 पद
  • आशुलिपिक, उत्तराखंड लोक सेवा अधिकरण — 2 पद
  • आशुलिपिक ग्रेड-3, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड — 2 पद
  • आशुलिपिक ग्रेड-2/स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 — 3 पद
  • वैयक्तिक सहायक, आयुक्त कुमाऊं मंडल, नैनीताल — 16 पद
  • वैयक्तिक सहायक, ग्राम्य विकास विभाग — 8 पद
  • वैयक्तिक सहायक, स्टाम्प एवं निबंधन विभाग — 8 पद
  • वैयक्तिक सहायक, उच्च शिक्षा विभाग — 7 पद
  • वैयक्तिक सहायक, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग — 6 पद
  • वैयक्तिक सहायक, लघु सिंचाई विभाग — 5 पद
  • वैयक्तिक सहायक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग — 3 पद
  • वैयक्तिक सहायक, उद्योग विभाग — 1 पद
  • वैयक्तिक सहायक, पंचायतीराज विभाग — 1 पद
  • वैयक्तिक सहायक, संभागीय खाद्य नियंत्रक कुमाऊं संभाग, हल्द्वानी — 1 पद
  • वैयक्तिक सहायक, संभागीय खाद्य नियंत्रक गढ़वाल संभाग, देहरादून — 1 पद
  • वैयक्तिक सहायक, आवास विभाग — 22 पद

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 101 रिक्त पदों को भरा जाएगा।

लिखित परीक्षा के बाद टाइपिंग और आशुलेखन परीक्षा

UKSSSC के अनुसार चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में लिखित प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा की मेरिट के आधार पर रिक्त पदों की संख्या के सापेक्ष चार गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया जाएगा।

दूसरे चरण में चयनित अभ्यर्थियों की अर्हकारी (Qualifying) टंकण परीक्षा एवं आशुलेखन परीक्षा आयोजित की जाएगी। अंतिम चयन निर्धारित चयन प्रक्रिया और अर्हताओं के आधार पर किया जाएगा।

आवेदन के साथ दस्तावेज अपलोड करना जरूरी

अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवश्यक दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे। इसमें हाईस्कूल प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड की दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा।

इसके अलावा संबंधित श्रेणी/उपश्रेणी का प्रमाण-पत्र तथा जिन पदों के लिए अनुभव प्रमाण-पत्र अनिवार्य है, वहां अनुभव प्रमाण-पत्र भी ऑनलाइन अपलोड करना होगा।

परीक्षा की तारीख में बदलाव की सूचना वेबसाइट पर

आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि लिखित परीक्षा की प्रस्तावित तिथि में किसी प्रकार का बदलाव किया जाता है, तो इसकी सूचना आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से दी जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र भी आयोग की वेबसाइट से ही डाउनलोड करना होगा। डाक के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा।

अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया और भर्ती से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर समय-समय पर अपडेट देखते रहें।

महत्वपूर्ण तिथियां

विवरण तिथि
ऑनलाइन आवेदन शुरू 14 सितंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर 2026
आवेदन में संशोधन 17 से 19 अक्टूबर 2026
प्रस्तावित लिखित परीक्षा 20 दिसंबर 2026
कुल रिक्तियां 101 पद

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!