Home अपराध देहरादून: शराबियों को बस में भरकर थाने ले पहुंची पुलिस, 20 लोगों...

देहरादून: शराबियों को बस में भरकर थाने ले पहुंची पुलिस, 20 लोगों पर कार्रवाई; 45 के चालान

0

ऑपरेशन प्रहार के तहत रायपुर क्षेत्र में चला सघन चेकिंग अभियान, पुलिस ने वसूला 11,250 रुपये जुर्माना

देहरादून: सार्वजनिक स्थानों और सड़कों के किनारे शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को रायपुर थाना पुलिस ने अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 20 लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने सभी के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त हिदायत दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत यह अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने रायपुर क्षेत्र के रिंग रोड, तपोवन रोड और रायपुर बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान सड़क किनारे खुले में, सार्वजनिक स्थानों और वाहनों में बैठकर शराब पीने तथा पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

45 लोगों के चालान, 11,250 रुपये जुर्माना वसूला

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 20 व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पूछताछ के बाद पुलिस अधिनियम के तहत उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई और भविष्य में नियमों का उल्लंघन न करने की सख्त हिदायत दी गई।

वहीं, चेकिंग के दौरान अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों सहित कुल 45 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालान किए गए। पुलिस ने इन कार्रवाइयों के तहत कुल 11,250 रुपये का जुर्माना वसूला।

सार्वजनिक स्थानों को मयखाना बनाने वालों पर रहेगी नजर

एसएसपी देहरादून ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों को शराबखाने में तब्दील करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शांति बनाए रखना और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!