Home उत्तराखंड विधानसभा सत्र से पहले 22 अक्टूबर को होगी धामी कैबिनेट की बैठक,...

विधानसभा सत्र से पहले 22 अक्टूबर को होगी धामी कैबिनेट की बैठक, अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

0

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सत्र से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में 22 अक्टूबर को कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। सचिवालय में होने वाली इस बैठक में विभिन्न विभागों के अहम प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इसके लिए गोपन विभाग ने सभी विभागों से प्रस्ताव मांगे हैं। माना जा रहा है कि बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।

दरअसल, 27 अक्टूबर से गैरसैंण में विधानसभा सत्र शुरू होने जा रहा है। ऐसे में सत्र से पहले होने वाली कैबिनेट बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। बैठक में महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है। इसके अलावा जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि, बैठक के एजेंडे और प्रस्तावित फैसलों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

राज्य स्थापना दिवस समारोह की भी चल रही तैयारी

वहीं, उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह को लेकर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में एक नवंबर से स्थापना दिवस समारोह के कार्यक्रम शुरू होने हैं। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे की संभावना जताई जा रही है।

प्रस्तावित दौरे को देखते हुए राज्य सरकार स्थापना दिवस समारोह को भव्य बनाने की तैयारियों में जुटी है। ऐसे में आने वाले दिनों में कैबिनेट बैठक और राज्य स्थापना दिवस समारोह को लेकर प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!