Home उत्तराखंड उत्तराखंड: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू झांसी से...

उत्तराखंड: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू झांसी से गिरफ्तार, एसआईटी देहरादून ला रही

0

देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े उत्पीड़न मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह पुलिस और एसआईटी की संयुक्त टीम ने झांसी में दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया।

गिरफ्तारी के बाद एसआईटी और पुलिस की टीम आरोपी को लेकर देहरादून रवाना हो गई है। यहां उससे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी और पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।

गिरधारी लाल साहू की मुश्किलें उस समय बढ़ गई थीं, जब देहरादून की पंचम अपर सत्र न्यायाधीश एवं एससी-एसटी एक्ट की विशेष न्यायाधीश अंजलि बेंजवाल की अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने अपने आदेश में माना था कि एफआईआर में लगाए गए आरोप प्रथमदृष्टया एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध की श्रेणी में आते हैं। ऐसे में अधिनियम की धारा 18 और 18ए के तहत अग्रिम जमानत पर प्रतिबंध लागू होता है।

गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए गिरधारी लाल साहू ने अदालत से अग्रिम जमानत की मांग की थी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।

उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश तक चल रही थी तलाश

गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसआईटी की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी उनकी तलाश की जा रही थी। आखिरकार झांसी में उनकी लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अब एसआईटी की पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई और जांच की दिशा स्पष्ट होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!