Home उत्तराखंड हल्द्वानी गैंगरेप मामले पर कांग्रेस हमलावर, हरक सिंह रावत ने भाजपा महिला...

हल्द्वानी गैंगरेप मामले पर कांग्रेस हमलावर, हरक सिंह रावत ने भाजपा महिला मोर्चा की चुप्पी पर उठाए सवाल

0

16 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को बताया शर्मनाक, बोले- पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रदेशभर में संघर्ष करेगी कांग्रेस

देहरादून। हल्द्वानी में 16 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की चुप्पी पर सवाल उठाए।

हरक सिंह रावत ने कहा कि चरित्र और नैतिकता की बातें करने वाला संगठन यदि छात्र-छात्राओं के विकास और निर्माण से जुड़े मंच का इस्तेमाल करने वाले लोगों के बीच ऐसी घटना सामने आती है, तो यह पूरे देवभूमि उत्तराखंड के लिए बेहद दुखद और शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष विभिन्न मुद्दों पर प्रेस वार्ता करती हैं, लेकिन अंकिता भंडारी प्रकरण से लेकर हल्द्वानी की इस घटना तक उन्होंने पीड़िताओं के समर्थन में कोई प्रभावी आवाज नहीं उठाई।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लगातार महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। भाजपा नेताओं को अब यह तय करना होगा कि वे पीड़ित बेटियों के साथ खड़े हैं या अपनी पार्टी के साथ। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के लिए 42 लोगों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। ऐसे में महिलाओं के साथ हो रहे अपराध प्रदेश की अस्मिता और सामाजिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

हरक सिंह रावत ने विद्यार्थी परिषद से जुड़े पदाधिकारी की कथित संलिप्तता को भी निंदनीय बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस मामले को केवल देहरादून तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पूरे प्रदेश में संघर्ष करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी राजनीतिक छवि खराब करने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि किसी भी बेटी के साथ अन्याय होने पर कांग्रेस उसकी लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी।

अंकिता भंडारी मामले का भी उठाया मुद्दा

प्रेस वार्ता में हरक सिंह रावत ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के मुद्दे पर भी भाजपा महिला मोर्चा ने अपेक्षित आवाज नहीं उठाई। उन्होंने कथित वीआईपी प्रकरण का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने अपने खिलाफ पूर्व में लगे आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि असम की महिला से जुड़े मामले में उन्होंने स्वयं डीएनए टेस्ट की मांग की थी और मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में उन्हें न्यायालय से क्लीन चिट मिली, जिसके बाद लैंसडाउन की जनता ने उन्हें समर्थन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अंकिता भंडारी मामले में उनकी भूमिका को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भी उन्हें क्लीन चिट दी है।

हल्द्वानी में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गौरतलब है कि हल्द्वानी में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धीरज बिष्ट, नीतीश पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

आरोपियों में से एक युवक छात्र संघ अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ चुका है। मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध तेज हो रहा है। वहीं कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि पीड़िता को न्याय मिलने तक वह इस मुद्दे को उठाती रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!