देहरादून, 19 नवंबर। उत्तराखण्ड के राज्यपाल एवं वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने गुरुवार को विश्वविद्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की और विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘Women in STEM – Stakeholder Convergence Workshop’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही ‘नशामुक्त भारत ऐप हैकाथॉन’ की भी शुरुआत की गई।
कार्यशाला का आयोजन नीति आयोग के State Support Mission के अंतर्गत आईआईटी रुड़की द्वारा SETU आयोग के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय के सहयोग से किया गया। इसमें STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित) के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, उनके सामने आने वाली चुनौतियों की पहचान करने और प्रभावी नीतिगत सुझाव तैयार करने पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और युवा शक्ति विकसित भारत एवं विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने बालिकाओं में विद्यालय स्तर से ही विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने तथा उच्च शिक्षा में उन्हें अनुसंधान, नवाचार, तकनीकी प्रशिक्षण और उद्यमिता से जोड़ने की आवश्यकता बताई।
राज्यपाल ने उत्तराखण्ड की समृद्ध जैव विविधता और पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त भारत अभियान के तहत डिजिटल तकनीक के माध्यम से प्रभावी समाधान विकसित करने की अपील की।
तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि महिलाओं की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा क्षमता की कमी नहीं, बल्कि सामाजिक धारणाएं और अवसरों का अभाव है। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर बल दिया।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने युवाओं और महिलाओं में उद्यमशीलता की सोच विकसित करने के साथ नवाचार एवं सतत विकास को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए खाद्य, ऊर्जा और जल सुरक्षा के क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर ने कहा कि Women in STEM केवल लैंगिक समानता का विषय नहीं, बल्कि देश की वैज्ञानिक क्षमता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने Empower, Engage और Excel के सिद्धांतों पर जोर देते हुए उत्तराखण्ड की बेटियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवीकरणीय ऊर्जा और डिजिटल प्रौद्योगिकी जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत, कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक, शोधार्थी और छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. आयुष जोशी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।












