Home उत्तराखंड उद्योगपति मुकेश अंबानी ने बीकेटीसी को दिये 10 करोड़

उद्योगपति मुकेश अंबानी ने बीकेटीसी को दिये 10 करोड़

0

बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचकर की पूजा-अर्चना

केदारनाथ। देश के प्रमुख उद्योगपति एवं रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी आज बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम के दर्शनों के लिए उत्तराखंड पहुंचे। धाम पहुँच कर उन्होंने दोनों धामों में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी के श्री बद्रीनाथ एवं श्री केदारनाथ मंदिर में पूजा अर्चना के बाद
मंदिर समिति ने उन्हें पारंपरिक पहाड़ी टोपी भेंट कर तथा तुलसी माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे चारधाम यात्रा प्रबंधन, तीर्थयात्रियों की सुविधाओं और राज्य में जारी विकास कार्यों की सराहना की। अंबानी परिवार की भगवान बद्रीविशाल और बाबा केदारनाथ के प्रति हमेशा से गहरी आस्था और अटूट श्रद्धा रही है। हर वर्ष परिवार के सदस्य इन दोनों पवित्र धामों के दर्शन हेतु पहुंचते हैं और विशेष पूजन के साथ उदारतापूर्वक दान भी करते हैं। इस वर्ष भी अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मुकेश अंबानी ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को ₹10 करोड़ की दान राशि प्रदान की है, जो पिछले वर्षों की अपेक्षा दोगुनी है। यह राशि धामों के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालु सुविधाओं के विस्तार तथा धार्मिक धरोहरों के संरक्षण में उपयोग की जाएगी।

इस अवसर पर उपस्थित श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमन्त द्विवेदी ने कहा कि मंदिर समिति श्री अंबानी और उनके परिवार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती है तथा भगवान बद्रीविशाल और बाबा केदारनाथ से प्रार्थना करती है कि उनकी कृपा सदैव अंबानी परिवार पर बनी रहे। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति के अध्यक्ष के रूप में, मैं व्यक्तिगत रूप से मुकेश अंबानी का धन्यवाद करता हूँ और आशा करता हूँ कि भविष्य में भी उनका सहयोग इसी प्रकार प्राप्त होता रहेगा। साथ ही हम प्रार्थना करते हैं कि भगवान की कृपा से अंबानी परिवार दीर्घायु रहे और सदैव जन-कल्याण व सेवा की भावना से प्रेरित होकर समाजहित में योगदान देता रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!