Home उत्तराखंड उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, कार खाई में गिरी, चालक की मौके पर...

उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, कार खाई में गिरी, चालक की मौके पर मौत

0

उत्तराखंड में लगातार बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। कहीं लापरवाही तो कहीं तेज रफ्तार लोगों की जान ले रही है। इसी कड़ी में कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा जिले से बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है।

भतरोंजखान थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौकी भौनखाल के ग्राम जिहाड़ के पास, तत्वाहिल रिसॉर्ट के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक 14–15 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि करीब 12:20 बजे अर्टिगा कार (संख्या UK20-TA-8080) के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

हादसे में कार चला रहे कुबेर सिंह जमनाल (44 वर्ष), पुत्र गोपाल सिंह जमनाल, निवासी कमेड़पानी, तहसील भिकियासैंण, जनपद अल्मोड़ा की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण पहुंचाया, जहां उसे सुरक्षित रखा गया है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य सवार नहीं था। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम ने गुरुवार को सर्च अभियान शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!