गैरसैंण, चमोली।
मुख्यमंत्री आदर्श गांव सारकोट सोलर लाइट से जगमग हो गया है. उरेडा विभाग ने आदर्श ग्राम सारकोट के सभी प्रमुख स्थानों पर 10 सोलर लाइट लगाई हैं. रात्रि में ग्राम पंचायत जगमग होने पर ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विगत वर्ष नवंबर माह में ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के सारकोट गांव का दौरा करते हुए सारकोट को आदर्श गांव बनाने की घोषणा की थी. मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जिला प्रशासन सारकोट गांव को मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम बनाने जुटा है. सारकोट गांव में सभी बुनियादी सुविधाएं और सेवाओं को सुदृढ़ीकरण के साथ ही विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं से पूरे गांव को आच्छादित करते हुए सुनियोजित तरीके से गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है. उरेडा के परियोजना अधिकारी सौरभ कुमार ने बताया सारकोट गांव के पंचायत चौक, प्राथमिक विद्यालय, प्रमुख आंतरिक मार्गो सहित धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर 10 सोलर लाइट स्थापित कर दी गई हैं. सौर ऊर्जा से पूरा गांव रोशन हो गया है।











