Home उत्तराखंड डाक से मिला लॉटरी टिकट बना जाल, कॉल करते ही 99 हजार...

डाक से मिला लॉटरी टिकट बना जाल, कॉल करते ही 99 हजार उड़ाए

0

हल्द्वानी। लॉटरी का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने शहर के एक व्यक्ति से 99200 रुपये की ठगी कर ली। साइबर ठगों ने नए तरीके से युवक को‌ अपने जाल में फंसाया। युवक के घर पहले भारतीय डाक के माध्यम से बंद लिफाफा आया। लिफाफे में एक लॉटरी का टिकट निकला। इसके कुछ देर बाद ही युवक को एक अंजान नंबर से फोन आया। जिसमें 11 लाख रुपए की लॉटरी जितने पर कुछ प्रतिशत रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा ली गई।

हल्द्वानी के पीलीकाठी निवासी एक व्यक्ति ने कुमाऊं साइबर क्राइम थाना में दी तहरीर में बताया कि उन्हें भारतीय डाक से एक लिफाफा प्राप्त हुआ। लिफाफे के भीतर एक लॉटरी टिकट था। कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल नंबर पर काल आई। काल करने वाले ने खुद को राजू गुप्ता बताते हुए कहा कि उनकी 1160000 रुपये की लॉटरी लग गई है। ठग ने इनाम की रकम जारी करने के नाम पर पहले एक प्रतिशत टैक्स जमा करने को कहा।

झांसे में आकर पीड़ित ने बताए गए मोबाइल नंबर पर 11600 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जीएसटी व अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 23200 रुपये, 23200 रुपये और 41200 रुपये एक अन्य नंबर पर भेज दिए। रकम ट्रांसफर होने के बाद आरोपित ने फोन उठाना बंद कर दिया। तब पीड़ित को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसका एक्नालेजमेंट नंबर भी प्राप्त हुआ।

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि अज्ञात व्यक्ति ने खुद को लॉटरी एजेंट बताकर कंप्यूटर संसाधनों का उपयोग करते हुए आपराधिक षड्यंत्र के तहत 99200 रुपये की साइबर धोखाधड़ी की। पुलिस के अनुसार मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। इसके साथ ही साइबर क्राइम टीम ने ट्रांजेक्शन डिटेल्स और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!