Home उत्तराखंड हल्द्वानी बेस अस्पताल की खिड़की से कूदकर फरार हुआ दुष्कर्म का आरोपी...

हल्द्वानी बेस अस्पताल की खिड़की से कूदकर फरार हुआ दुष्कर्म का आरोपी किशोर, पुलिस में मचा हड़कंप

0

बाल संप्रेक्षण गृह से इलाज के लिए लाया गया था अस्पताल, शौचालय जाने के बहाने गार्ड को चकमा देकर हुआ फरार; तलाश में जुटीं पुलिस की संयुक्त टीमें

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल से दुष्कर्म के एक मामले में निरुद्ध किशोर के फरार होने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। तबीयत खराब होने की शिकायत पर किशोर को बाल संप्रेक्षण गृह से उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे वह शौचालय जाने के बहाने गार्ड को चकमा देकर अस्पताल की खिड़की से नीचे कूद गया और फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

दुष्कर्म के आरोप में बाल संप्रेक्षण गृह में था निरुद्ध

जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने करीब एक महीने पहले 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया था। किशोर को किशोर न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था।

गुरुवार को तबीयत खराब होने की शिकायत के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की गार्द उसे स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल लेकर पहुंची थी। इसी दौरान मौका पाकर वह अस्पताल से फरार हो गया।

शौचालय जाने के बहाने गार्ड को दिया चकमा

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब एक बजे किशोर ने शौचालय जाने की बात कही। इसी दौरान वह अस्पताल की खिड़की से नीचे कूदकर भाग निकला। गार्द को इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई।

अस्पताल से किशोर के फरार होने की खबर सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस ने संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू कर दी।

बनभूलपुरा क्षेत्र में तलाश, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फरार किशोर को आखिरी बार बनभूलपुरा क्षेत्र में देखे जाने की बात सामने आई है। उसकी तलाश के लिए हल्द्वानी कोतवाली और बनभूलपुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीमें लगाई गई हैं।

पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा किशोर के परिजनों और करीबियों से पूछताछ की जा रही है। उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है।

जल्द पकड़ने का दावा

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि फरार किशोर की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और सर्विलांस टीम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। उन्होंने किशोर को जल्द पकड़ने का दावा किया है।

फिलहाल, पुलिस फरार किशोर की तलाश में जुटी हुई है। अस्पताल से सुरक्षा व्यवस्था के बीच किशोर के फरार होने की घटना ने निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!