Home उत्तराखंड नगर निगम ऋषिकेश में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

नगर निगम ऋषिकेश में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

0

त्रिवेणी घाट नवीनीकरण, आस्था पथ सौंदर्यीकरण एवं चंद्रभागा पुल निर्माण को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश कार्यालय में माननीय महापौर श्री शम्भू पासवान जी की अध्यक्षता में ऋषिकेश की महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्रिवेणी घाट नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण, आस्था पथ सौंदर्यीकरण तथा चंद्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण सहित प्रमुख परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा तीनों परियोजनाओं की विस्तृत कार्ययोजना एवं निर्माण कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की गई। इस दौरान ₹115 करोड़ की लागत से त्रिवेणी घाट के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण, ₹33 करोड़ की लागत से आस्था पथ के सौंदर्यीकरण तथा ₹33.43 करोड़ की अनुमानित लागत से चंद्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

माननीय महापौर ने कहा कि ये परियोजनाएं ऋषिकेश के विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय नागरिकों एवं तीर्थयात्रियों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को उच्च गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो तथा परियोजनाओं के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाए। साथ ही, कार्यों के दौरान जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में संबंधित अधिकारियों द्वारा परियोजनाओं की आगामी कार्ययोजना एवं विभिन्न चरणों में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी भी दी गई। माननीय महापौर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं तकनीकी टीम को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री विजय नाथ शुक्ल, अधिशासी अभियंता श्री अनिल नेगी, श्री एस.के. सिंह, श्री हरीश बिष्ट, श्री दीपक, श्री एस.के. सिंघल, श्री हरिदर्शन रावत, श्री आशीष भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!