Home उत्तराखंड हरिद्वार नगर सीट पर भाजपा में टिकट की जंग तेज, मदन कौशिक...

हरिद्वार नगर सीट पर भाजपा में टिकट की जंग तेज, मदन कौशिक समेत 9 नेताओं ने ठोकी दावेदारी

0

हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले ही हरिद्वार नगर विधानसभा सीट पर टिकट को लेकर पार्टी के भीतर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। मौजूदा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के सामने पार्टी के कई नेताओं ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। अब तक इस सीट से कुल नौ नेताओं की दावेदारी सामने आ चुकी है।

दरअसल, हरिद्वार स्थित डामकोठी में भाजपा के पूर्व सांसद एवं चुनाव पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की स्थिति, नेताओं की सक्रियता और आगामी चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक के दौरान कई नेताओं ने टिकट के लिए अपना बायोडाटा भी सौंपा और चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की।

हरिद्वार नगर विधानसभा सीट से पूर्व मेयर मनोज गर्ग, डॉ. विशाल गर्ग, कन्हैया खेवड़िया, उज्ज्वल पंडित, राज्यमंत्री नितिन गौतम, अनिल अरोड़ा और संजय सहगल ने अपनी दावेदारी पेश की। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा भी पहले ही चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं। इसके अलावा मौजूदा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को भी इस सीट से मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

टिकट की दावेदारी के बीच भाजपा नेता कन्हैया खेवड़िया विशेष रूप से चर्चा में रहे। वह अपने समर्थकों के साथ डामकोठी पहुंचे और चुनाव पर्यवेक्षक नरेश बंसल को अपना बायोडाटा सौंपा। इस दौरान उन्होंने पार्टी के भीतर किए गए कार्यों और क्षेत्र में अपनी सक्रियता का भी उल्लेख किया।

वहीं, पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने हरिद्वार नगर के साथ-साथ रानीपुर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। उनका कहना है कि मेयर रहते हुए जिन योजनाओं को वह पूरा नहीं कर पाए, उन्हें विधायक बनने के बाद धरातल पर उतारना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, वह उसके साथ खड़े रहेंगे।

दूसरी ओर, भाजपा में टिकट की दावेदारी का दायरा हरिद्वार नगर सीट तक ही सीमित नहीं है। महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। उन्होंने भी चुनाव पर्यवेक्षक नरेश बंसल के सामने अपनी दावेदारी रखी। उनका कहना है कि उनके गुरु जगदीश मुनि महाराज भी दो बार हरिद्वार से विधायक रह चुके हैं और वह उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ना चाहते हैं।

बैठक के बाद चुनाव पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने कहा कि भाजपा प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारियों का आकलन कर रही है। हरिद्वार में कई नेताओं ने टिकट के लिए अपनी इच्छा जाहिर की है और लोकतंत्र में सभी को अपनी दावेदारी पेश करने का अधिकार है। पार्टी सभी दावेदारों के नामों और उनकी सक्रियता पर विचार करेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी और प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल होगी। फिलहाल हरिद्वार नगर सीट पर टिकट को लेकर बढ़ती दावेदारी ने भाजपा के भीतर सियासी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व किस चेहरे पर भरोसा जताता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!