Home उत्तराखंड पिथौरागढ़ में खाई में गिरी कार, 3 बच्चों ने बचाई चालक की...

पिथौरागढ़ में खाई में गिरी कार, 3 बच्चों ने बचाई चालक की जान

0

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में बेरीनाग-थल मोटर मार्ग पर सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बागेश्वर के प्रसिद्ध शिखर भनार मेले से लौट रही एक कार बरसायत के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक समेत चार लोग घायल हो गए। हालांकि, कार में सवार तीन बच्चों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए खाई से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंचकर लोगों को दुर्घटना की सूचना दी, जिससे घायल चालक को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली।

जानकारी के अनुसार, थल क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय संदीप सिंह चौकोड़ी में दुकान चलाते हैं। रविवार को वह पड़ोस में रहने वाले तीन बच्चों विवेक (12), पीयूष (13) और करण (12) के साथ बागेश्वर के शिखर भनार मेले में शामिल होने गए थे। मेला देखने के बाद चारों सोमवार सुबह करीब छह बजे कार से चौकोड़ी के लिए रवाना हुए।

सुबह करीब नौ बजे बेरीनाग-थल मोटर मार्ग पर बरसायत के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से करीब 100 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार पलट गई और चालक संदीप सिंह वाहन के भीतर फंस गए।

खाई से निकलकर बच्चों ने दी सूचना

हादसे के बाद तीनों बच्चे किसी तरह कार से बाहर निकले और सड़क तक पहुंचे। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों को दुर्घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और खाई में फंसे चालक को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।

इसी दौरान 112 हाईवे पेट्रोलिंग टीम के पुलिसकर्मी नीरज बिष्ट और नीरज चंद ने घायल चालक को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग पहुंचाया। मौके पर कोतवाली बेरीनाग और थल पुलिस की टीम भी पहुंची।

चालक की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

सीएचसी बेरीनाग में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश टम्टा ने संदीप सिंह का प्राथमिक उपचार किया। चालक के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई थीं। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, तीनों बच्चों को हल्की चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

सूचना मिलने पर तहसीलदार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

बच्चों की बहादुरी की हो रही सराहना

करीब 100 फीट गहरी खाई में कार गिरने के बाद भी तीनों बच्चों ने घबराने के बजाय हिम्मत और सूझबूझ दिखाई। खुद सुरक्षित बाहर निकलकर लोगों को हादसे की सूचना देना और घायल चालक की मदद के लिए स्थानीय लोगों को मौके तक पहुंचाना उनकी तत्परता को दर्शाता है। क्षेत्र में तीनों बच्चों के साहस और समझदारी की जमकर सराहना हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!