सीएम धामी ने 21 योजनाओं का किया लोकार्पण, 33 का शिलान्यास; टनकपुर-बनबसा में जलभराव से मिलेगी राहत
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत जिले को ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करने के साथ ही विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं आदर्श चम्पावत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इनके माध्यम से जिले में सड़क, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना है।

टनकपुर-बनबसा में जलभराव की समस्या होगी दूर
मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ₹86.83 करोड़ की लागत से स्वीकृत जल निकासी परियोजना को महत्वपूर्ण बताया। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था का निर्माण और सुधार किया जाएगा। इससे बारिश के दौरान दोनों क्षेत्रों में होने वाले जलभराव से लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के तहत शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में ₹107.35 करोड़ की परियोजना पर कार्य चल रहा है। इस कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत ₹3,000 करोड़ से अधिक है।
पूर्णागिरि में रोपवे और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज
मुख्यमंत्री ने बताया कि मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग ₹45 करोड़ की लागत से रोपवे निर्माण कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए ₹48.38 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा बनबसा में लगभग ₹502 करोड़ की लागत से भारत सरकार की लैंड पोर्ट परियोजना विकसित की जा रही है। इससे सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही ₹55.53 करोड़ की लागत से विज्ञान केंद्र और लगभग ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है।
पांच लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में बेहतर कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें ग्राम बस्टिया, टनकपुर के त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, ग्राम गुदमी, बनबसा की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, ग्राम उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) तथा ग्राम गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इन लाभार्थियों की सफलता अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श चम्पावत की परिकल्पना केवल एक जिले के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखण्ड के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सरकार गांवों और सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला सहकारी बैंक पिथौरागढ़ के अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।











