Home उत्तराखंड पीआरडी स्वयंसेवकों को सालभर रोजगार देने की मांग पर सकारात्मक पहल, कैबिनेट...

पीआरडी स्वयंसेवकों को सालभर रोजगार देने की मांग पर सकारात्मक पहल, कैबिनेट में रखा जाएगा प्रस्ताव

0

देहरादून। उत्तराखंड में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के स्वयंसेवकों को साल के पूरे 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की मांग पर शासन स्तर से सकारात्मक पहल हुई है। स्वयंसेवकों को सालभर रोजगार देने से संबंधित प्रस्ताव आगामी कैबिनेट बैठक में रखने पर सहमति बनी है। शासन की ओर से मिले इस आश्वासन के बाद पीआरडी स्वयंसेवकों में उम्मीद जगी है। हालांकि, अपनी मांगों को लेकर जारी हड़ताल समाप्त करने के संबंध में संगठन ने अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है।

29 नवंबर 2026 को खेल एवं युवा कल्याण सचिव की अध्यक्षता में पीआरडी हित संगठन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वयंसेवकों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान सबसे प्रमुख मांग 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को लेकर विचार-विमर्श किया गया। शासन स्तर पर इस प्रस्ताव को जल्द आगामी मंत्रिमंडल की बैठक में प्रस्तुत करने पर सहमति बनी।

बैठक में मिले आश्वासन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और मुख्यमंत्री का आभार जताया। लंबे समय से सालभर रोजगार की मांग कर रहे पीआरडी स्वयंसेवकों को अब कैबिनेट से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

इस संबंध में बैठक का कार्यवृत्त उप सचिव रईस अहमद की ओर से जारी किया गया है। इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय, युवा कल्याण मंत्री, मुख्य सचिव, गृह विभाग, युवा कल्याण निदेशक और संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।

कैबिनेट के फैसले पर टिकी नजरें

यदि आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो यह पीआरडी स्वयंसेवकों को सालभर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे स्वयंसेवकों को रोजगार के अधिक अवसर मिलने की उम्मीद है। हालांकि, फिलहाल उनकी हड़ताल जारी है और इसे समाप्त करने को लेकर कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है। ऐसे में अब सभी की नजरें प्रस्ताव के कैबिनेट में प्रस्तुत होने और सरकार के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!