Home उत्तराखंड अंकिता भंडारी हत्याकांड: मेडिकल जांच में अनफिट पाए गए पूर्व विधायक सुरेश...

अंकिता भंडारी हत्याकांड: मेडिकल जांच में अनफिट पाए गए पूर्व विधायक सुरेश राठौर, फिलहाल नहीं होगा पॉलीग्राफ टेस्ट

0

सिर की पुरानी चोट के चलते मेडिकल बोर्ड ने टेस्ट के लिए नहीं दी मंजूरी, गांधीनगर से हरिद्वार लौट रहे सुरेश राठौर

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान को लेकर चल रही सीबीआई जांच के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौर को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। गुजरात के गांधीनगर में पॉलीग्राफ टेस्ट से पहले कराई गई मेडिकल जांच में सुरेश राठौर अनफिट पाए गए हैं। मेडिकल रिपोर्ट में उन्हें टेस्ट के लिए फिट नहीं माना गया है। ऐसे में फिलहाल उनका पॉलीग्राफ टेस्ट नहीं हो सकेगा। बताया जा रहा है कि वह गांधीनगर से हरिद्वार लौट रहे हैं।

सिर की पुरानी चोट के कारण मेडिकल जांच में हुए अनफिट

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को आई मेडिकल रिपोर्ट में सुरेश राठौर को पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए अनफिट घोषित किया गया। बताया जा रहा है कि कई साल पहले हुए एक सड़क हादसे में उनके सिर पर चोट लगी थी। मेडिकल परीक्षण के दौरान सिर की पुरानी चोट से जुड़े निशान सामने आने के बाद उन्हें पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए अनुपयुक्त माना गया।

गौरतलब है कि सुरेश राठौर 23 नवंबर को हरिद्वार से गांधीनगर पहुंचे थे और पिछले तीन से चार दिनों से वहीं मौजूद थे। वहीं, अभिनेत्री उर्मिला सनावर के पॉलीग्राफ टेस्ट को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

कथित ऑडियो-वीडियो वायरल होने के बाद फिर चर्चा में आया मामला

अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर दिसंबर 2025 में उस समय सुर्खियों में आया, जब पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच बातचीत के कथित ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इन ऑडियो-वीडियो में कथित वीआईपी का जिक्र होने के बाद मामले ने फिर तूल पकड़ लिया था। इसके बाद कथित वीआईपी की पहचान को लेकर जांच की मांग तेज हो गई।

सीबीआई दोनों से कर चुकी है पूछताछ

मामले की जांच के सिलसिले में सीबीआई की टीम हरिद्वार पहुंचकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ कर चुकी है। वहीं, अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने भी देहरादून में जांच एजेंसी के सामने अपने बयान दर्ज कराए थे।

जांच के दौरान दोनों के पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया भी सामने आई थी, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों और कथित ऑडियो-वीडियो की पड़ताल की जा सके। हालांकि, सुरेश राठौर के मेडिकल जांच में अनफिट पाए जाने के बाद उनका पॉलीग्राफ टेस्ट फिलहाल टल गया है। अब आगे की जांच में सीबीआई क्या कदम उठाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!