देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने देहरादून पहुंचकर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने खंडूरी के सार्वजनिक जीवन, उनकी सादगी, ईमानदारी और प्रदेश के विकास में दिए गए योगदान को याद किया।

नितिन नवीन ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी का जीवन जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने उत्तराखंड के विकास के लिए जो कार्य किए, वे हमेशा स्मरणीय रहेंगे और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी के योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तराखंड प्रवास के दौरान वे विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लेने के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी संवाद करेंगे।












