Home उत्तराखंड देहरादून में डेंगू और स्वाइन फ्लू को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम बोले-...

देहरादून में डेंगू और स्वाइन फ्लू को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम बोले- स्थिति नियंत्रण में

0

देहरादून। उत्तराखंड में डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने निगरानी और रोकथाम की कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि जिले में डेंगू की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। वर्तमान में करीब 9 एक्टिव केस हैं, जबकि अब तक लगभग 150 डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं।

डीएम ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। टीमें घरों और आसपास के इलाकों में पानी जमा होने की स्थिति की जांच कर रही हैं। जहां भी डेंगू के लार्वा मिलने की संभावना होती है, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए लार्वा को नष्ट किया जा रहा है।

घरों में पानी जमा न होने देने की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है। डीएम ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए सबसे जरूरी है कि किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दिया जाए। घरों में रखे बर्तनों, कूलर, गमलों, पुराने टायरों और अन्य सामान में जमा पानी को नियमित रूप से खाली करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने बच्चों को मच्छरों के काटने से बचाने के लिए फुल स्लीव्स के कपड़े पहनाने की भी अपील की है। साथ ही लोगों से अपने आसपास मच्छरों के पनपने वाले संभावित स्थानों की नियमित जांच करने को कहा गया है।

स्वाइन फ्लू के मामलों पर भी निगरानी

वहीं, देहरादून जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। जिलाधिकारी के अनुसार, जिले में फिलहाल करीब 22 एक्टिव केस हैं, जबकि अब तक लगभग 350 मामले सामने आ चुके हैं। डीएम ने कहा कि स्वाइन फ्लू की स्थिति भी फिलहाल नियंत्रण में है।

स्वास्थ्य विभाग की टीमें डेंगू और स्वाइन फ्लू दोनों को लेकर लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें और किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें तथा समय रहते चिकित्सकीय सलाह लें।

प्रशासन का कहना है कि डेंगू और स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए निगरानी, जागरूकता और समय पर उपचार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!