Home उत्तराखंड देहरादून: पटेलनगर में पुलिस का व्यापक सत्यापन अभियान, 35 भवन स्वामियों पर...

देहरादून: पटेलनगर में पुलिस का व्यापक सत्यापन अभियान, 35 भवन स्वामियों पर 3.50 लाख रुपये का जुर्माना

0

500 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, आपराधिक पृष्ठभूमि के 12 अभियुक्तों की भी जांच; खाद्य विभाग के साथ डेयरी और गोदामों में छापेमारी

देहरादून। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए दून पुलिस ने कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर 10 अक्टूबर 2026 को चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने पर 35 भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 3 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस की अलग-अलग टीमों ने लोहियानगर, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी, ब्राह्मणवाला और पाम सिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान मलिन बस्तियों के साथ पॉश कॉलोनियों में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और घरेलू सहायकों के सत्यापन की जांच की गई।

आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 12 अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन

अभियान के दौरान पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे, प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे 12 अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने उन्हें दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।

इसके अतिरिक्त, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने सहित अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 35 भवन स्वामियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान की कार्रवाई की गई। इन पर कुल 3.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

खाद्य विभाग के साथ डेयरी और गोदामों में छापेमारी

आगामी त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों के भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने खाद्य विभाग की टीम के साथ संयुक्त अभियान भी चलाया। इस दौरान थाना क्षेत्र में खाद्य पदार्थों का भंडारण करने वाले व्यक्तियों के प्रतिष्ठानों, डेयरी और गोदामों सहित विभिन्न स्थानों पर औचक छापेमारी की गई।

अभियान के दौरान संदिग्धता के आधार पर छह व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस उनसे विस्तृत पूछताछ कर रही है।

एसएसपी देहरादून के निर्देशों के तहत पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सत्यापन अभियान तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!