Home उत्तराखंड लालकुआं: टैक्सी स्टैंड में गाड़ी के अंदर मिला चालक का शव, इलाके...

लालकुआं: टैक्सी स्टैंड में गाड़ी के अंदर मिला चालक का शव, इलाके में मची सनसनी

0

लालकुआं – नगर के टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक टैक्सी चालक अपनी ही गाड़ी के अंदर मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार बागेश्वर नंबर की टैक्सी संख्या UK02TA3059 काफी देर से स्टैंड पर खड़ी थी, लेकिन चालक की ओर से कोई हलचल दिखाई नहीं दे रही थी। काफी समय तक वाहन में कोई गतिविधि न होने पर आसपास मौजूद लोगों को संदेह हुआ। जब लोगों ने वाहन के पास जाकर देखा तो चालक सीट पर एक व्यक्ति बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। चिकित्सकों द्वारा जांच किए जाने पर चालक को मृत घोषित कर दिया गया।

घटना के बाद टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में टैक्सी चालक भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मदन राम (42 वर्ष) पुत्र निवासी ग्राम आरे, थाना एवं जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र में निवास करता था। उसके परिवार में दो बेटियां और एक पुत्र हैं।

फिलहाल चालक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं फॉरेंसिक टीम वाहन और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चालक की मौत स्वाभाविक परिस्थितियों में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!