Home उत्तराखंड कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री धामी के सामने रखीं विभिन्न मांगें, समस्याओं के...

कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री धामी के सामने रखीं विभिन्न मांगें, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

0

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारी संगठनों ने अपने-अपने विभागों और संवर्गों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिनिधिमंडलों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार परीक्षण कर उचित कार्रवाई और समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग से जुड़ी मांगें भी उठीं

शिक्षा अधिकारी प्रशासनिक संवर्ग एसोसिएशन, उत्तराखंड के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने गोविंद राम जायसवाल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक, अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक और खंड शिक्षा अधिकारियों के रिक्त पदों पर विभागीय पदोन्नति करने की मांग रखी। इसके साथ ही कर्मचारियों की परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद स्वतः स्थायीकरण की व्यवस्था लागू करने सहित अन्य समस्याओं के समाधान का अनुरोध किया।

जल संस्थान के राजकीयकरण की मांग

उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, जल संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड जल संस्थान के राजकीयकरण की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। वहीं, उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में गैर-शैक्षणिक कार्मिकों के रिक्त पदों को भरने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में गैर-शिक्षण कार्मिकों के पदों के पुनर्गठन तथा गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रयोगशाला सहायकों को राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों में कार्यरत प्रयोगशाला सहायकों के समान वेतनमान दिए जाने का भी अनुरोध किया।

शिक्षकों ने पुरानी पेंशन और टीईटी में छूट की मांग उठाई

उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने 25 अक्टूबर 2005 से पहले विज्ञापित पदों पर नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल किए जाने की मांग की। इसके अलावा वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी परीक्षा में शिथिलता प्रदान करने का भी अनुरोध किया गया।

स्वास्थ्य और अन्य कर्मचारी संगठनों ने भी रखीं मांगें

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन, उत्तराखंड एएनएम संवर्ग संगठन, लैब टेक्निशियन संगठन, राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ उत्तराखंड, माध्यमिक अतिथि शिक्षक संघ उत्तराखंड, अंशकालिक शिक्षक संघ तथा उत्तराखंड राज्य आबकारी निरीक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

इन संगठनों ने अपने-अपने संवर्गों से संबंधित विभिन्न मांगों और समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया तथा उनके समाधान की मांग की।

अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु को निर्देश दिए कि विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा उठाई गई मांगों और समस्याओं का संबंधित विभागों के माध्यम से नियमानुसार परीक्षण कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परीक्षण के बाद उचित समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. काण्डपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!