Home उत्तराखंड चमोली में SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी, जिले में 2.76...

चमोली में SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी, जिले में 2.76 लाख मतदाता पंजीकृत

0

बद्रीनाथ, थराली और कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों में 3,820 नए मतदाता जुड़े, पात्र व्यक्ति अब भी फॉर्म-6 के जरिए जुड़वा सकते हैं नाम

चमोली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर जनपद चमोली की तीनों विधानसभा क्षेत्रों की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल 2,76,007 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,41,891 पुरुष, 1,34,115 महिला और एक अन्य मतदाता शामिल हैं।

जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बद्रीनाथ, थराली (अ.जा.) और कर्णप्रयाग शामिल हैं। विधानसभा वार आंकड़ों के अनुसार बद्रीनाथ में कुल 91,555 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 47,163 पुरुष, 44,391 महिला और एक अन्य मतदाता शामिल है। वहीं, थराली विधानसभा क्षेत्र में कुल 98,053 मतदाता हैं, जिनमें 51,056 पुरुष और 46,997 महिला मतदाता हैं। कर्णप्रयाग में कुल 86,399 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 43,672 पुरुष और 42,727 महिला मतदाता शामिल हैं।

SIR के बाद मतदाताओं की संख्या में आई कमी

निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में 8 जून 2026 से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया था। इसके तहत 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की गईं, जबकि 13 अगस्त से 28 सितंबर तक उनका निस्तारण किया गया। इसके बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची जारी की गई।

SIR अभियान से पहले 8 जून 2026 को चमोली जिले में कुल 2,95,623 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें बद्रीनाथ में 98,603, थराली में 1,03,039 और कर्णप्रयाग में 93,981 मतदाता शामिल थे। ड्राफ्ट सूची में यह संख्या घटकर 2,72,187 रह गई थी। दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची में 3,820 नए मतदाता जोड़े गए, जिससे कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 2,76,007 हो गई।

छूटे हुए पात्र मतदाता फॉर्म-6 से जुड़वा सकेंगे नाम

प्रशासन के अनुसार अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद भी ऐसे पात्र व्यक्ति, जिनका नाम सूची में शामिल नहीं हो पाया है, फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए ECI Net App के माध्यम से ऑनलाइन और बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के जरिए ऑफलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त विशेष बूथ स्तरीय कैंप भी आयोजित किए जाएंगे।

BLO द्वारा प्री-SIR मतदाता सूची से मिलान कर ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पहले सूची में दर्ज थे, लेकिन अब शामिल नहीं हैं। इसके लिए घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा और पात्र पाए जाने वाले लोगों को फॉर्म-6 भरने में सहायता दी जाएगी।

प्रशासन की ओर से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, नाइट शेल्टर में रहने वाले लोगों, लेबर कॉलोनियों, बेघर व्यक्तियों और समाज के हाशिए पर रहने वाले वर्गों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

इसके अलावा चिन्हित मतदाताओं की सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) स्तर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जाएगी, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

जिले की अंतिम मतदाता सूची निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर देखी जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!