Home उत्तराखंड उत्तराखंड के विकास, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण में राज्यपाल गुरमीत सिंह का...

उत्तराखंड के विकास, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण में राज्यपाल गुरमीत सिंह का योगदान महत्वपूर्ण: धामी

0

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह में मुख्यमंत्री ने की राज्यपाल के कार्यकाल की सराहना, गुरमीत सिंह बोले- देवभूमि के लोगों का स्नेह और विश्वास मेरी अनमोल उपलब्धि

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के उत्तराखंड में योगदान, मार्गदर्शन और जनसेवा के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह में उन्होंने राज्यपाल के सफल कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल के रूप में गुरमीत सिंह का कार्यकाल प्रदेश के विकास, शिक्षा, युवा प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्यपाल ने अपने अनुभव, दूरदर्शी सोच, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण के माध्यम से प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को नई दिशा देने का काम किया। उनके मार्गदर्शन से शिक्षा, उच्च शिक्षा, शोध, कौशल विकास और युवाओं को प्रोत्साहित करने जैसे क्षेत्रों को विशेष बढ़ावा मिला। इसके साथ ही महिला सशक्तीकरण और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर यहां की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी आवश्यकताओं को करीब से समझा। उन्होंने युवाओं को नवाचार, उद्यमिता, राष्ट्रसेवा और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया। शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और नई पीढ़ी के सर्वांगीण विकास पर उनका विशेष जोर रहा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सैन्य परंपरा, वीर सैनिकों के त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण के प्रति राज्यपाल का विशेष सम्मान रहा है। पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण से जुड़े विषयों के प्रति उनकी संवेदनशीलता तथा युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की भावना विकसित करने के प्रयास सराहनीय हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश सरकार, प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ समन्वय स्थापित किया। उनका सौम्य व्यक्तित्व, सरल व्यवहार, सभी के प्रति आत्मीयता और उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने राज्यपाल के स्वस्थ, सुखमय और सफल भावी जीवन की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रति उनके योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

देवभूमि के लोगों का स्नेह मेरे लिए अनमोल उपलब्धि: राज्यपाल

विदाई समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश सरकार, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संस्थानों और प्रदेशवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में कार्य करना उनके लिए गौरव और सौभाग्य का विषय रहा है। यहां की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, आध्यात्मिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और लोगों की आत्मीयता को करीब से अनुभव करने का अवसर मिला।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों से प्राप्त स्नेह, विश्वास और सहयोग उनके कार्यकाल की सबसे अनमोल उपलब्धियों में शामिल हैं। यहां के लोगों का सरल स्वभाव, अतिथि सत्कार, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से गहरा जुड़ाव उन्हें सदैव प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक चेतना की भूमि नहीं है, बल्कि यह साहस, परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की गौरवशाली परंपरा का भी प्रतीक है। विगत पांच वर्षों के दौरान प्रदेश के विकास, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के प्रोत्साहन, पूर्व सैनिकों के सम्मान और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर काम करने के अवसर मिले।

राज्यपाल ने कहा कि इन क्षेत्रों में किए गए प्रयास सामूहिक सहभागिता, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच का परिणाम रहे हैं। प्रदेश सरकार, प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आमजन ने विभिन्न पहलों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

युवाओं और महिलाओं की भागीदारी को बताया विकास का आधार

राज्यपाल ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प किसी भी राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। उत्तराखंड के युवाओं में नवाचार करने, आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपार क्षमता है। इसी तरह महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, आत्मनिर्भरता और सामाजिक नेतृत्व प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के महत्वपूर्ण आधार हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड शिक्षा, विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और जनकल्याण के क्षेत्रों में निरंतर प्रगति करेगा। प्रदेश के वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों की गौरवशाली परंपरा, सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का साहस तथा राज्य की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत सदैव उनके हृदय में विशेष स्थान रखेगी।

राज्यपाल ने उत्तराखंड की निरंतर उन्नति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों के साथ बने आत्मीय संबंधों की स्मृतियां उनके लिए अमूल्य रहेंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह के अतिरिक्त लोक भवन में भी विभिन्न क्षेत्रों के लोगों, गणमान्य व्यक्तियों और अधिकारियों ने राज्यपाल से भेंट कर उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधि, विधायक, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!