Home उत्तराखंड उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, सभी...

उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, सभी जिले अलर्ट मोड पर

0

देहरादून। उत्तराखंड में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। 14 से 17 अगस्त के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज से अत्यंत तेज वर्षा के दौर की संभावना जताई गई है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू करने के लिए व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा है।

14 अगस्त को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

वहीं चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज से अति तीव्र बारिश हो सकती है।

15 अगस्त को पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट

15 अगस्त को उत्तराखंड के सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली के साथ तेज से अति तीव्र बारिश के दौर की आशंका जताई गई है।

16 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

16 अगस्त को चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली के साथ अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना है।

देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों सहित कई अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ तेज से अति तीव्र बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दोनों जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना है। राज्य के शेष जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ तेज से अति तीव्र वर्षा का येलो अलर्ट रहेगा।

मौसम की जानकारी लेकर ही करें यात्रा

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की अपील की है। उन्होंने अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन एवं चट्टान गिरने की आशंका वाले संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।

उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, जलधाराओं और उफनते पानी के आसपास जाने से बचें। सक्रिय भूस्खलन वाले क्षेत्रों को पार करने का प्रयास न करें और अचानक बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा सुरक्षित पक्के भवन में रहने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के दौरान नदियों, धाराओं और नालों में तैरने या नौका विहार करने से भी बचने को कहा गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव और नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि जैसी परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सावधानी बरतें और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!