गोविंद नगर लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का भव्य शुभारंभ, नवंबर तक पुराने कूड़े का होगा पूर्ण निस्तारण
ऋषिकेश, 01 अगस्त 2026। स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल ऋषिकेश के निर्माण की दिशा में नगर निगम ऋषिकेश ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इसी क्रम में आज गोविंद नगर स्थित डंपिंग ग्राउंड परिसर में स्थापित लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का विधिवत लोकार्पण एवं शुभारंभ स्थानीय विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल तथा नगर निगम ऋषिकेश के माननीय महापौर श्री शंभू पासवान द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
ज्ञातव्य है कि पूर्व में नगर निगम का समस्त ठोस अपशिष्ट गोविंद नगर स्थित डंपिंग ग्राउंड में डंप किया जाता था। वर्तमान में शहर से प्रतिदिन निकलने वाला कूड़ा लाल पानी स्थित आधुनिक ठोस अपशिष्ट निस्तारण प्लांट में भेजा जा रहा है। वहीं गोविंद नगर डंपिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट (पुराने कूड़े) के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण के उद्देश्य से इस विशेष प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना की गई है।

इस परियोजना के माध्यम से गोविंद नगर डंपिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा समस्त पुराने कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण कर आगामी नवंबर माह तक पूर्ण रूप से निस्तारण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे न केवल डंपिंग ग्राउंड का कायाकल्प होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा जनस्वास्थ्य की दृष्टि से भी यह परियोजना अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
इस अवसर पर कार्यदायी संस्था आकांक्षा एंटरप्राइजेज (इन एसोसिएशन विद बायोटा सेवियर प्राइवेट लिमिटेड) के प्रतिनिधियों ने प्लांट की कार्यप्रणाली एवं लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग की वैज्ञानिक प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में नगर निगम ऋषिकेश के नगर आयुक्त श्री विजय नाथ शुक्ल, समस्त सम्मानित पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय महापौर श्री शंभू पासवान ने कहा कि नगर निगम ऋषिकेश शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। गोविंद नगर में वर्षों से जमा कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण होने से क्षेत्र की पर्यावरणीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम भविष्य में भी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।












