Home अपराध हरिद्वार जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने वाला...

हरिद्वार जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद

0

जेल में बंद महिला से पूछताछ को लेकर था नाराज, पुलिस जांच में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कोई संबंध नहीं मिला

हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिडकुल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी का लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कोई संबंध सामने नहीं आया है।

जेल अधीक्षक को भेजे थे धमकी भरे संदेश

हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस मुख्यालय में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 11 सितंबर को जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्या ने सिडकुल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर अभद्र और धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। इन संदेशों में लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। सोमवार को पुलिस ने सूर्य नगर के पास चेकिंग के दौरान हिमांशु चोढा पुत्र श्याम लाल चोढा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से लुधियाना, पंजाब का रहने वाला है और वर्तमान में देहरादून के आईडीपीएल क्षेत्र में रह रहा था।

तलाशी में अवैध हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। हथियार बरामद होने के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं।

जेल में बंद महिला से पूछताछ को लेकर था नाराज

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जिला कारागार में बंद एक महिला को वह अपनी कथित पत्नी बताता है। आरोपी के अनुसार, महिला से मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा की गई पूछताछ को लेकर वह नाराज था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दावा किया कि उक्त महिला ने उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने के लिए उकसाया था और उसे जेल अधीक्षक का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया था।

आरोपी ने बताया कि इसके बाद वह लुधियाना गया, जहां अपने आधार कार्ड से लिए गए नए मोबाइल नंबर के जरिए जेल अधीक्षक को धमकी भरे संदेश भेजे।

जेल की ओर जा रहा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी तमंचा और कारतूस लेकर लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा था। वह कथित तौर पर जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से जिला कारागार की ओर जा रहा था। हालांकि, इससे पहले ही सिडकुल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

महिला की भूमिका की भी जांच जारी

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी पहली पत्नी तथा परिजनों से अलग रहता है। वह जेल में बंद महिला को अपनी दूसरी पत्नी बताता है।

पुलिस अब धमकी प्रकरण में महिला की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कोई संबंध नहीं मिला

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में गिरफ्तार आरोपी का गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई या उसके गिरोह से कोई संबंध सामने नहीं आया है।

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ देहरादून के रायवाला थाने में मानव तस्करी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!