जनपद रुद्रप्रयाग के तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र में आंधी, तूफान एवं वर्षा के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना प्राप्त होते ही SDRF ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान संचालित किया।
दिनांक 29 मई 2026 को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) देहरादून से सूचना प्राप्त हुई कि तुंगनाथ क्षेत्र में एक समूह खराब मौसम के कारण फंस गया है तथा आकाशीय बिजली गिरने से कुछ लोग प्रभावित हुए हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक अनिरुद्ध भंडारी के निर्देशन में SDRF पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

प्रारंभिक राहत कार्य के दौरान अन्य एजेंसियों द्वारा गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार हेतु 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेज दिया गया, जबकि दो अन्य व्यक्ति सुरक्षित पाए गए। वहीं आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 19 वर्षीय अभिनव वाजपेई पुत्र संजीत कुमार, निवासी लखनऊ की घटनास्थल पर मृत्यु हो गई थी।
रात्रि के समय खराब मौसम, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र एवं लगभग 8 से 10 किलोमीटर लंबे कठिन पैदल मार्ग के बावजूद SDRF टीम ने अदम्य साहस एवं दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए चोपता से चंद्रशिला के लिए अभियान प्रारंभ किया। टीम ने रात्रि लगभग 23:00 बजे घटनास्थल तक पहुंच बनाकर मृतक के शव को अपने कब्जे में लिया तथा कठिन मार्ग से नीचे लाकर चोपता पहुंचाया।
SDRF टीम द्वारा शव को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना में प्रभावित व्यक्तियों का विवरण
मृतक: अभिनव वाजपेई (19 वर्ष), पुत्र संजीत कुमार, निवासी लखनऊ।
घायल: अभिषेक बाजपेई (23 वर्ष), पुत्र संजीत कुमार, निवासी लखनऊ।
सुरक्षित: शुभम शुक्ला (25 वर्ष), पुत्र अनुज शुक्ला, निवासी उन्नाव, उत्तर प्रदेश।
सुरक्षित: आजन मिश्रा (24 वर्ष), पुत्र नीतू मिश्रा, निवासी लखनऊ।












