Home उत्तराखंड नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प जरूरी: मेयर शंभू पासवान

नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प जरूरी: मेयर शंभू पासवान

0

‘10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने लिया नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प

ऋषिकेश। नशामुक्त भारत के निर्माण के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज, ऋषिकेश द्वारा आयोजित ‘10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में उपनगर आयुक्त अंकिता जोशी, पार्षद दिनेश रावत और पूर्व पार्षद शिव कुमार गौतम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों और युवा पीढ़ी को इससे बचाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर मेयर शंभू पासवान ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा यह अभियान समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है।

मेयर ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सकारात्मक और बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सरकार, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। इसके लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी जरूरी है।

मेयर शंभू पासवान ने सभी नागरिकों से ‘नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ से जुड़ने और अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और संकल्प के माध्यम से ही एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!