Home अपराध बसंत विहार में नकबजनी का खुलासा, आठ लाख की ज्वैलरी के साथ...

बसंत विहार में नकबजनी का खुलासा, आठ लाख की ज्वैलरी के साथ आरोपी गिरफ्तार

0

देहरादून। बसंत विहार थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 8 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी शत-प्रतिशत बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को अमित कुमार क्षेत्री, निवासी 14 बसंत कुंज, बसंत विहार ने थाना बसंत विहार में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि निजी कार्य से घर से बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने घर का ताला तोड़कर अंदर रखी ज्वैलरी चोरी कर ली। तहरीर के आधार पर थाना बसंत विहार में मु0अ0सं0 213/2026, धारा 305(A) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान मिली जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 6 अक्टूबर की रात चेकिंग के दौरान मालिक चौक से आगे शास्त्रीनगर खाला पुलिया के पास आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान शानू पुत्र खुर्शीद अहमद, निवासी मुस्लिम बस्ती, शास्त्री नगर खाला, थाना बसंत विहार, देहरादून, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है।

नशे की जरूरत पूरी करने के लिए की चोरी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने बसंत कुंज स्थित मकान की रेकी की थी। मौका मिलने पर उसने घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की ज्वैलरी को बेचने के लिए बाहर निकलने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आठ लाख की ज्वैलरी बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। बरामद सामान में—

  • पीली धातु का 1 मंगलसूत्र
  • पीली धातु की 2 अंगूठियां
  • सफेद धातु के 1 जोड़ी झुमके
  • पीली धातु का 1 झुमका
  • सफेद धातु की 1 अंगूठी
  • पीली धातु के 1 जोड़ी टॉप्स

शामिल हैं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली नगर और थाना बसंत विहार में आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

अपराधिक इतिहास:

  1. मु0अ0सं0 46/2020, धारा 25 आर्म्स एक्ट, थाना कोतवाली नगर, देहरादून।
  2. मु0अ0सं0 91/2024, धारा 25 आर्म्स एक्ट, थाना बसंत विहार, देहरादून।
  3. मु0अ0सं0 33/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट, थाना बसंत विहार, देहरादून।

पुलिस टीम

इस कार्रवाई में अ0उ0नि0 महेन्द्र सिंह नेगी, कांस्टेबल नीरज घिल्डियाल और कांस्टेबल शार्दूल विक्रम शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!