देहरादून में निजी स्कूलों की मनमानी फीस से जहां अभिभावक परेशान हैं। वहीं कांग्रेस भी अब इस मुद्दे पर सरकार को घेरती नजर आ रही है। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सड़कों पर उतरकर शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव किया। हालांकि पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक दिया।
प्राइवेट स्कूलों में फीस बढ़ोतरी को लेकर मंत्री के आवास का किया घेराव
महिला कांग्रेस ने निजी स्कूलों में मनमानी फीस लेने के मामले में शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत के आवास के घेराव के लिए निकल पड़ी। हालांकि पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली।

निजी स्कूलों को संरक्षण दे रही सरकार
उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार निजी स्कूलों को संरक्षण दे रही है। साथ ही आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर उनसे भारी रकम वसूली जा रही है। ऐसे में मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना मुश्किल होता जा रहा है। कांग्रेस ने सरकार से मांग की कि अगर जल्द ही फीस नियंत्रण को लेकर सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। साथ ही इसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी।












