Home उत्तराखंड नैनीताल में सनसनी: नैनी झील में तैरता मिला अज्ञात शव, हादसा या...

नैनीताल में सनसनी: नैनी झील में तैरता मिला अज्ञात शव, हादसा या साजिश?

0

नैनीताल। उत्तराखंड की पर्यटन नगरी नैनीताल से गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर की प्रसिद्ध नैनी झील में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता मिलने से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह न्यू हिना ट्रेवल्स और जुबीज़ किचन के सामने झील में एक शव दिखाई दिया। सबसे पहले टैक्सी-बाइक चालक सूरज आर्या की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को झील से बाहर निकाला। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक सफेद रूमाल, गुटखा और 15 रुपये नकद बरामद हुए। हालांकि कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिलने से मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक तौर पर मृतक बाहरी व्यक्ति प्रतीत हो रहा है।

मल्लीताल पुलिस नाव के जरिए घटनास्थल तक पहुंची और शव को झील मार्ग से किनारे लाया गया। इसके बाद शव को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने और घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामला हादसे का है, आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!