Home उत्तराखंड लक्सर में भीषण सड़क हादसा: गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी को...

लक्सर में भीषण सड़क हादसा: गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी को ट्रक ने मारी टक्कर, 200 मीटर तक घसीटा, SSI गंभीर घायल

0

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला लक्सर का है, जहां देर रात गश्त कर रही पुलिस टीम की सरकारी गाड़ी को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की गाड़ी ट्रक के साथ करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) राजेश बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना बीती देर रात करीब 11 बजे की है। पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक के साथ काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के समय पुलिस वाहन में SSI राजेश बिष्ट, चालक कपिल देव, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और होमगार्ड मनोज कुमार सवार थे। हादसे में राजेश बिष्ट के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने ट्रैक्टर की मदद से दोनों वाहनों को अलग कराया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पहले भी सामने आ चुके हैं तेज रफ्तार के मामले

गौरतलब है कि लक्सर क्षेत्र में तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते दिनों लक्सर-रायसी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई थी। इस हादसे में एक महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। महिला को लक्सर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जबकि अन्य पांच घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया था। हादसे में दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!