Home उत्तराखंड चारधाम यात्रा का मूल मंत्र ‘सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत संवाद’...

चारधाम यात्रा का मूल मंत्र ‘सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत संवाद’ : मुख्यमंत्री धामी।

0

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्रा मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने और भारी वाहनों का संचालन केवल रात्रिकाल में सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने चारों धामों में क्षमता के अनुरूप दर्शन व्यवस्था के लिए एसओपी तैयार करने, वैज्ञानिक एवं चरणबद्ध भीड़ प्रबंधन लागू करने तथा होल्डिंग एरिया में भोजन, पेयजल, पार्किंग और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को मौसम, यातायात और दर्शन संबंधी अद्यतन जानकारी एलईडी, सोशल मीडिया, व्हाट्सएप चैनल और एफएम रेडियो के माध्यम से लगातार उपलब्ध कराई जाए।

मानसून को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में जेसीबी, पोकलैंड, एम्बुलेंस, सैटेलाइट फोन और राहत-बचाव उपकरणों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने डीएम और एसपी को नियमित समीक्षा कर व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने, होटल-ढाबों में रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, खाद्य गुणवत्ता जांच, स्वच्छता बनाए रखने तथा गंभीर मरीजों के लिए हेली एम्बुलेंस समन्वय व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!