Home उत्तराखंड वेंडिंग कार्ट के दुरुपयोग और अवैध कब्जे पर होगी सख्त कार्रवाई, वास्तविक...

वेंडिंग कार्ट के दुरुपयोग और अवैध कब्जे पर होगी सख्त कार्रवाई, वास्तविक व जरूरतमंद वेंडरों को ही मिलेगा लाभ

0

ऋषिकेश, 24 अगस्त 2026। नगर निगम ऋषिकेश के माननीय महापौर कार्यालय कक्ष में आज टाउन वेंडिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर क्षेत्र में वेंडिंग व्यवस्था को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने, स्ट्रीट वेंडरों के नियमन, वेंडिंग जोन के सुचारु संचालन तथा आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत नगर की स्वच्छता, यातायात एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में माननीय महापौर श्री शम्भू पासवान ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वेंडिंग कार्ट का लाभ केवल वास्तविक, पात्र एवं जरूरतमंद स्ट्रीट वेंडरों को ही दिया जाएगा। यदि किसी वेंडर द्वारा आवंटित कार्ट को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने अथवा हस्तांतरित करने का मामला सामने आता है, तो संबंधित वेंडर का आवंटन तत्काल निरस्त किया जाएगा और उसे भविष्य में दोबारा वेंडिंग कार्ट आवंटित नहीं किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि जिस व्यक्ति के नाम पर वेंडिंग कार्ट स्वीकृत किया गया है, उसी को स्वयं कार्ट का संचालन करना होगा। कार्ट का उपयोग केवल उसी व्यवसाय अथवा कार्य के लिए किया जाएगा, जिसके लिए उसे स्वीकृति प्रदान की गई है। कार्ट को किराए पर देना, बेचना, किसी अन्य व्यक्ति को संचालन के लिए सौंपना अथवा निर्धारित उद्देश्य से अलग उपयोग करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि कोई भी वेंडर अपना ठेला कार्य समाप्त होने के बाद सड़क पर छोड़कर या सड़क किनारे बांधकर नहीं रखेगा। इससे यातायात बाधित होने अथवा सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित वेंडर के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के किसी भी वेंडर को व्यवसाय करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी। महिला स्वयं सहायता समूहों को वेंडिंग कार्ट के संचालन में सहयोग एवं प्राथमिकता प्रदान करने पर विचार किया गया, ताकि स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

आगामी कुंभ मेले को देखते हुए नगर की स्वच्छता, सुंदरता, यातायात एवं सार्वजनिक व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए सभी वेंडरों से नगर निगम एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। महापौर ने कहा कि ऋषिकेश एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन एवं आध्यात्मिक नगरी है और आगामी कुंभ के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक यहां पहुंचेंगे। ऐसे में वेंडिंग व्यवस्था को अनुशासित, स्वच्छ और व्यवस्थित रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।

बैठक में वेंडरों से लिए जाने वाले दैनिक शुल्क की दरें भी निर्धारित की गईं। इसके तहत ठेले के लिए ₹20 प्रतिदिन तथा वेंडिंग कार्ट के लिए ₹50 प्रतिदिन शुल्क निर्धारित किया गया।

महापौर श्री शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी वेंडर की आजीविका प्रभावित करना नहीं, बल्कि स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित स्थान एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए नगर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और सार्वजनिक हित के बीच संतुलन स्थापित करना है। उन्होंने सभी वेंडरों से निर्धारित नियमों का पालन करने और नगर निगम की व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की।

बैठक में नगर आयुक्त श्री विजय नाथ शुक्ल, सहायक नगर आयुक्त श्री चन्द्रकान्त भट्ट, अधिशासी अभियंता श्री अनिल नेगी, सिटी मिशन मैनेजर श्री वरुण मल्होत्रा, यातायात निरीक्षक श्री प्रदीप कुमार, कर निरीक्षक श्री यशवीर सिंह, नामित चिकित्सा प्रतिनिधि श्री बी. पी. भट्ट सहित विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि सुलोचना धपलियाल, ज्योति डे, मोनिका मित्तल, रजनी, सुनीता, रश्मि, देवादित्य, दीपा विजाला, हेमलता चौहान, अनीता रावत, मधु पुरोहित, कविता, मंजू एवं उषा देवी तथा वेंडर प्रतिनिधि शैलेंद्र गुप्ता, ज्ञान प्रकाश, गुड्डू गुप्ता, सुनील कुमार, कुन्दन कुमार एवं राजेश कुमार शर्मा उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!