Home उत्तराखंड युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, सफलता के साथ...

युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, सफलता के साथ संस्कार भी जरूरी : कैबिनट मंत्री गणेश जोशी

0

देहरादून, 02 अगस्त। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को देहरादून स्थित जीआरडी कॉलेज में मसूरी विधानसभा के भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग कर युवाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। यह केवल एक आँकड़ा नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक अवसर है। आने वाले वर्षों में विश्व भारत को उसकी युवा शक्ति, नवाचार और प्रतिभा के कारण पहचानेगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नीट यूजी परीक्षा सहित विभिन्न प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी युवाओं को भी सम्मानित भी किया।

काबीना मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित अनेक युवा शिक्षा, खेल, उद्यमिता, सामाजिक सेवा, कला, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर चुके हैं या उस दिशा में अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि अब समाज युवाओं को देखकर सीखेगा और उनके आचरण से प्रेरणा लेगा। इसलिए सफलता के साथ विनम्रता और संस्कारों को भी जीवन का हिस्सा बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप, नवाचार और कौशल विकास का युग है। ऐसे समय में तकनीक के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और चरित्र को भी सुदृढ़ बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ज्ञान व्यक्ति को सफल बनाता है, लेकिन चरित्र उसे महान बनाता है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड केवल हिमालय की धरती नहीं, बल्कि वीरता, बलिदान, परिश्रम और संस्कारों की भूमि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने सेना, खेल, शिक्षा, प्रशासन, कृषि और विज्ञान जैसे अनेक क्षेत्रों में देश का नाम गौरवान्वित किया है। अब समय आ गया है कि उत्तराखंड को नवाचार, स्टार्टअप, पर्यटन, जैविक खेती और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी देश का अग्रणी राज्य बनाया जाए।

अपने संबोधन के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे बड़े सपने देखें, निरंतर सीखें, समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि युवा आगे बढ़ेगा तभी भारत आगे बढ़ेगा और विकसित भारत का संकल्प साकार होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना यह विश्वास दिलाती है कि विकसित भारत का संकल्प अवश्य साकार होगा। उन्होंने कहा कि जिस देश का युवा जाग जाता है, वह देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता जाता है। इसलिए आवश्यक है कि सभी युवा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें और भारत को आत्मनिर्भर, विकसित तथा विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करें।

इस दौरान उत्तराखंड सब एरिया के कर्नल कृष्ण कांत ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए देशभक्ति की भावना को जीवन में आत्मसात करने तथा भारतीय सेना में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा सेना में उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी साझा की।

इन लोगों की किया गया सम्मानित – लेखक समीर पंवार, नीट परीक्षा में सफलता नव्या मित्तल, हिमाद्री महरा, बाक्सिंग रिया थापा, दीक्षांत बगरियाल, आदित्य रावत, राहुल बहुगुणा, मनीष चौहान, रोहित ठाकुर, अंजली अर्जुन आदि।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, कर्नल कृष्ण कांत वाजपेयी,आशीष नौटियाल, युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष कुलदीप पंत सहित भारतीय जनता युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!