Home उत्तराखंड कैंचीधाम जाम से राहत जल्द: जून से पहले पूरा होगा बाईपास, मुख्य...

कैंचीधाम जाम से राहत जल्द: जून से पहले पूरा होगा बाईपास, मुख्य सचिव का निर्देश

0

नैनीताल जनपद के भ्रमण पर पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कैंचीधाम क्षेत्र में जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर भवाली-रातिघाट बाईपास, भवाली बाईपास, श्री कैंचीधाम मंदिर में चल रहे निर्माण कार्यों और नैनीताल मालरोड पर भू-धसाव रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम-रातिघाट) मार्ग के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि भवाली-रातिघाट बाईपास का कार्य तेजी से पूरा कर पर्यटन सीजन से पहले इस मार्ग पर यातायात सुचारू किया जाए। साथ ही, स्थायी मोटर पुल बनने तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत वैली ब्रिज स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जून माह से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि बाबा नीम करौरी के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, ऐसे में सुगम यातायात और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना आवश्यक है। बाईपास निर्माण से कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलने के साथ ही पहाड़ी जिलों को जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध होगा।
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पी.एस. बृजवाल ने जानकारी दी कि 18.15 किमी लंबे भवाली-रातिघाट बाईपास में से 8 किमी मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है, जिस पर यातायात चल रहा है। शेष 10.15 किमी मार्ग में कटिंग कार्य पूरा कर लिया गया है और सुरक्षा दीवारों सहित अन्य कार्य तेजी से जारी हैं। इसके अलावा इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 74.15 मीटर स्पान का मोटर पुल भी निर्माणाधीन है।
मुख्य सचिव ने भवाली बाईपास और शिप्रा नदी पर बने डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया, जो अब यातायात के लिए चालू हो चुका है। उन्होंने कहा कि इससे भवाली बाजार में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और पर्यटन सीजन में आवागमन सुगम होगा।
इसके साथ ही मुख्य सचिव ने कैंचीधाम में मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत लगभग 40.81 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्यों—जैसे बहुमंजिला पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पाथवे और पैदल सेतु—का निरीक्षण किया। वहीं स्वदेश दर्शन योजना के तहत बनाए जा रहे फैसिलिटेशन सेंटर और अन्य परियोजनाओं की भी समीक्षा की।
उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वाहनों के प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग गेट बनाए जाएं। इस संबंध में जिलाधिकारी को पुलिस और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
भ्रमण के दौरान मुख्य सचिव ने नैनीताल के लोअर मालरोड में वर्ष 2018 में हुए नुकसान के बाद चल रहे मरम्मत और भू-धसाव रोकथाम कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर आयुक्त कुमाऊं एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!