Home उत्तराखंड सुशीला तिवारी अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, रैन बसेरे की बदहाली...

सुशीला तिवारी अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, रैन बसेरे की बदहाली देख जताई नाराजगी

0

हल्द्वानी, 26 नवंबर। सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रैन बसेरे में गंदगी, टूटे शीशे और साफ-सफाई की बदहाल स्थिति मिलने पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। डीएम ने पीएमएस से सवाल किया कि क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरे की स्थिति का जायजा लेते हुए कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में मरीजों और उनके तीमारदारों को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए। उन्होंने टूटे शीशों को तत्काल ठीक कराने और रैन बसेरे में साफ-सफाई के साथ आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय कुमाऊं मंडल का प्रमुख चिकित्सा संस्थान है। यहां दूर-दराज के पर्वतीय क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और उचित देखभाल उपलब्ध कराई जाए।

अस्पताल के बाहर से दवाएं लिखने पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश

दवाओं की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था को लेकर डीएम ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मरीजों को जेनेरिक दवाएं लिखी जाएं और अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही उनका उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अस्पताल के बाहर से दवाएं खरीदने के लिए पर्चे लिखने की व्यवस्था पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।

विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों से लिया फीडबैक

जिलाधिकारी ने बाल रोग, महिला, गायनी, जनरल और सर्जरी वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार की गुणवत्ता, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

सर्दियों को देखते हुए उन्होंने सभी वार्डों और कक्षों में पर्याप्त रोशनी, हीटर तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिन कक्षों में नमी की समस्या है, उन्हें भी तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठंड के मौसम में मरीजों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर ठेकेदारों को चेतावनी

अस्पताल में सफाई व्यवस्था की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने आउटसोर्स सफाई ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुसार नियमित सफाई सुनिश्चित करने की हिदायत दी। उन्होंने सैनिटेशन, शौचालय, बाथरूम, फर्श और अस्पताल के अन्य हिस्सों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में गंदगी से संक्रमण फैलने का खतरा रहता है, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

डीएम ने चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर संबंधित ठेकेदारों के लाइसेंस निरस्त या निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच के लिए जल्द ही एक टीम निरीक्षण करेगी।

निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, पीएमएस डॉ. अजय आर्य, एमएस डॉ. अरुण जोशी सहित अस्पताल के चिकित्सक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!