Home उत्तराखंड देहरादून में प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई, छह प्रतिष्ठान सील

देहरादून में प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई, छह प्रतिष्ठान सील

0

बिजली कनेक्शन काटने के अगले दिन प्रशासन ने की कार्रवाई, राजपुर रोड के बार और रेस्टोरेंट समेत छह प्रतिष्ठानों पर गिरी गाज

देहरादून। दीपावली के बाद पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन को लेकर जिला प्रशासन और उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है। संयुक्त टीम ने राजपुर रोड स्थित बार, रेस्टोरेंट समेत छह व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। इससे एक दिन पहले ही इन सभी प्रतिष्ठानों के बिजली कनेक्शन काटे गए थे। इसके बावजूद नियमों का अनुपालन सुनिश्चित नहीं होने पर प्रशासन ने सीलिंग की कार्रवाई की।

शासन और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित प्रतिष्ठानों को पहले ही पर्यावरणीय मानकों और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पहले विद्युत कनेक्शन काटे गए और अगले दिन प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान राजपुर रोड क्षेत्र में संचालित छह प्रतिष्ठानों को सील किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी हड़कंप मच गया। संयुक्त टीम में क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी नरेश गोस्वामी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक अधिकारी, तहसीलदार सदर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

गौरतलब है कि दीपावली के बाद देहरादून में प्रदूषण की स्थिति को लेकर निगरानी बढ़ाई जा रही है। ऐसे में पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्रशासन की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पर्यावरण संरक्षण और निर्धारित नियमों के अनुपालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!